Site icon Samagra Bharat News website

जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-7308 को बम की धमकी मिलने के बाद नागपुर डायवर्ट

समग्र समाचार सेवा

जबलपुर, 01 सितम्बर.  जबलपुर से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-7308 में बम होने की धमकी मिलने के बाद इसे नागपुर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इंडिगो ने बताया कि नागपुर में सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और तुरंत सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। विमानन कंपनी ने यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं और खानपान की चीजें उपलब्ध कराईं और इस असुविधा के लिए खेद जताया है। अभी तक सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इस घटना ने 22 अगस्त की एक अन्य बम धमकी की याद दिला दी, जब मुंबई से आ रहे एयर इंडिया के विमान AI657 में बम होने की धमकी के चलते तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई थी। विमान के शौचालय में एक टिशू पेपर पर ‘उड़ान में बम है’ लिखा हुआ मिला था, जिसके बाद विमान की गहन जांच की गई थी। हालांकि, जांच के बाद बम की धमकी अफवाह साबित हुई थी।

विमानन सुरक्षा से जुड़े इन मामलों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी जांच कर रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

Exit mobile version