Site icon Samagra Bharat News website

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की फ्रांस यात्रा: खाद्य प्रसंस्करण उद्योग पर हुई चर्चा

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली,13 अक्टूबर। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इन दिनों 4 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फ्रांस में हैं, जहां वे पेरिस और डिज़ोन शहर का दौरा कर रहे हैं। बीते शनिवार को, चिराग पासवान ने विभिन्न देशों के मंत्रियों के साथ मुलाकात की, जिसकी कुछ तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की।

चिराग पासवान ने लिखा, “France में क्षेत्रीय दौरे के दौरान विभिन्न देशों के मंत्रियों के साथ खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विस्तार और नवीनीकरण को लेकर सार्थक चर्चाएं हुई।” उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चाएं हुईं।

चिराग पासवान ने शुक्रवार को अपने फ्रांस दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा के दौरान विश्व स्तरीय खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों की अत्याधुनिक तकनीकों का अध्ययन किया जा रहा है। उनका लक्ष्य इन नई तकनीकों को भारत में लागू करना है, ताकि खाद्य प्रसंस्करण सेक्टर को और सुदृढ़ किया जा सके।

उन्होंने कहा, “2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भी एक मजबूत भागीदार बन सकेगा।” यहां से मिलने वाले अनुभवों और जानकारियों के आधार पर भारत को लाभ पहुंचाने की नई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।

चिराग पासवान का यह दौरा भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा भारतीय उद्योगों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नवाचार और विकास को प्रोत्साहित कर सकती है।

 

Exit mobile version