Samagra Bharat News website

आरएमएल में मरीजों के तीमारदारों के लिए शुरू हुआ निःशुल्क कंबल बैंक

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली,18 दिसंबर। 

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों को ठंड से बचाने के लिए मंगलवार को निशुल्क कंबल बैंक की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख ने किया। मयूख ने कहा कि यह पहल भाजपा की सेवा भावना को दर्शाती है और पार्टी के लिए यह मंत्र सर्वोपरि है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल ने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से आओ साथ चलें संस्था की ओर से राम मनोहर लोहिया सहित अन्य अस्पतालों में मरीजों के तीमारदारों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और ठंड के मौसम में कंबल बैंक चलाया जाता है। मित्तल ने कहा कि कई बार दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले तीमारदारों के पास ठंड से बचने के पर्याप्त साधन नहीं होते। ऐसे में गरीबों की मदद करना हमारा कर्तव्य है।

इस पहल की शुरुआत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से की गई थी और यह विगत कई वर्षों से सफलतापूर्वक चल रही है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों के तीमारदारों को टोकन के माध्यम से कंबल दिए गए।

मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंदों को ठंड से बचाना और उनकी मदद करना था। संजय मयूख ने इस पहल को मानवता और सेवा का प्रतीक बताया।

 

Exit mobile version