Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका, संजीव अरोड़ा और उनकी टीम आप में शामिल

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 29 जनवरी: दिल्ली विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले भाजपा को एक और झटका लगा जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजीव अरोड़ा अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। यह घटनाक्रम भाजपा के लिए एक बड़ा धक्का साबित हुआ है।

संजीव अरोड़ा और उनकी टीम की सदस्यता दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय में पटका और टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर राजेंद्र नगर से आप प्रत्याशी और मौजूदा विधायक दुर्गेश पाठक ने भी संजीव अरोड़ा समेत उनकी पूरी टीम का आप परिवार में स्वागत किया।

संजीव अरोड़ा ने भाजपा से जुड़ी अपनी 25 साल लंबी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह भाजपा के विभिन्न पदों पर काम कर चुके थे, जिनमें भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, मीडिया प्रभारी, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, भाजपा जिला करोल बाग के कोषाध्यक्ष व उपाध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल रहा था।

इसके अलावा, संजीव अरोड़ा अपनी संस्था ‘इंद्रप्रस्थ संजीवनी’ के माध्यम से करीब 50,000 लोगों के साथ दिल्ली में समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं। वह केपीएस गिल फाउंडेशन और नारायण विहार सोशल वेलफेयर सोसायटी के भी अध्यक्ष हैं।

दुर्गेश पाठक ने कहा कि संजीव अरोड़ा पिछले कई वर्षों से राजेंद्र नगर और करोल बाग क्षेत्र में अपने एनजीओ के माध्यम से सक्रिय रूप से समाज सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “संजीव अरोड़ा ने पिछले 30-35 सालों में समाज के लिए कई अहम काम किए हैं, जैसे व्हीलचेयर देना, कोरोना काल में खाना और दवाइयां बांटना। वह समाज में सम्मानित व्यक्ति हैं। हम उनका आम आदमी पार्टी परिवार में स्वागत करते हैं।”

संजीव अरोड़ा ने भाजपा से अपनी असहमति के बारे में बात करते हुए कहा कि आज भाजपा की विचारधारा वह नहीं रही, जो 25 साल पहले थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर एक नए व्यक्ति को टिकट दिया है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुआ था।

उन्होंने आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं, खासकर दिल्ली के झुग्गीवालों के लिए योजनाएं बना रहे हैं। संजीव अरोड़ा ने यह भी कहा कि भाजपा ने पहले केजरीवाल पर रेवड़ी बांटने का आरोप लगाया था, लेकिन अब वही भाजपा पुजारियों और ग्रंथियों के लिए काम करने का दावा कर रही है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने पुजारियों के लिए 18,000 रुपये की तनख्वाह घोषित की है, जो एक बड़ा कदम है।

संजीव अरोड़ा ने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी आने वाले समय में दिल्ली में फिर से सरकार बनाएगी, और वह पूरी मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं।

 

Exit mobile version