Site icon Samagra Bharat News website

सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला, बीड और परभणी हिंसा समेत राज्य के मुद्दों को उठाया

समग्र समाचार सेवा
महाराष्ट्र, 29 जनवरी:
एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने बीड और परभणी हिंसा समेत राज्य के तमाम मुद्दों को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर कड़ा हमला बोला। न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन गंभीर मामलों को लेकर गंभीर नहीं है।

सुले ने बीड के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा, “यह घटना 50 दिनों से भी ज्यादा पुरानी है, लेकिन हत्या के मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। जो लोग इस हत्याकांड में शामिल हैं, वे अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। सरकार बीड और परभणी हिंसा के मामलों में गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है।”

इसके साथ ही, उन्होंने महाराष्ट्र के आर्थिक हालात पर भी सवाल उठाए। राजकोषीय घाटे से संबंधित नीति आयोग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, “जिस मुद्दे को लेकर मैं पिछले दो सालों से सरकार से सवाल कर रही थी, आज नीति आयोग ने उसी बात की पुष्टि की है। महाराष्ट्र लगातार ‘ईज़ी ऑफ डूइंग बिजनेस’ की रैंकिंग में नीचे जा रहा है, कर्ज बढ़ रहा है, सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।”

सुले ने सिद्धिविनायक मंदिर में लागू किए गए ड्रेस कोड के बारे में भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हमारा देश संस्कारी लोगों का है, और हम सभी लोग आदर और श्रद्धा के साथ मंदिर जाते हैं। हालांकि, मैं मंदिर प्रशासन के इस फैसले से आश्चर्यचकित हूं।”

इसके अलावा, सुप्रिया सुले ने प्रयागराज में हुई भगदड़ पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा, “प्रयागराज की घटना बहुत ही चिंताजनक है। भाजपा की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री निरंजन ज्योति ने भी इस बात की पुष्टि की है कि महाकुंभ मेले की सेना को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।”

सुले ने प्रयागराज की घटना को लेकर ट्विटर (अब एक्स) पर एक पोस्ट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “प्रयागराज में भगदड़ के कारण हुई मौतों से मैं बहुत दुखी हूं। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान बुधवार को मौनी अमावस्या स्नान के समय भगदड़ मच गई थी। गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम से लगभग एक किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ। भीड़ की अधिकता के कारण बैरिकेड्स टूट गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। राज्य सरकार के अनुसार, इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं।

 

Exit mobile version