Site icon Samagra Bharat News website

बहराइच में राइस मिल हादसा: दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत, 3 घायल

25 अप्रैल, बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में आज शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में 5 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दरगाह चौकी क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में उस समय हुआ जब वहां आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर मिल की ऊपरी मंजिल पर धान सुखाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मशीन में अचानक आग लग गई और मिल में घना, ज़हरीला धुआं भर गया। आग बुझाने की कोशिश में 8 मजदूर धुएं की चपेट में आ गए। दम घुटने के कारण मौके पर ही 5 मजदूरों की मृत्यु हो गई। मृतकों में 3 मजदूर कन्नौज, एक बिहार और एक श्रावस्ती ज़िले के निवासी थे। घायलों को तत्काल ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मोनिका रानी मौके पर पहुँचीं और हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण धान सुखाने वाली मशीन में तकनीकी गड़बड़ी माना जा रहा है। घटना की पूरी जांच की जा रही है और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version