Site icon Samagra Bharat News website

MEA ने दी जानकारी: पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों पर किया हमला, भारत ने 26 ठिकानों को किया ध्वस्त

MEA ने दी जानकारी: पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों पर किया हमला, भारत ने 26 ठिकानों को किया ध्वस्त

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली 10 मई : भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आज विदेश मंत्रालय (MEA) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाकिस्तान के हमलों और भारत की जवाबी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान लगातार भारतीय सीमाओं पर हमले कर रहा है और उसने हाई-स्पीड मिसाइलों और फाइटर जेट्स का इस्तेमाल किया है।

प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान सोशल मीडिया पर झूठे प्रचार और फर्जी खबरों का सहारा ले रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह किया जा सके। पाकिस्तान ने भारतीय नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया और एक स्कूल पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने त्वरित और सटीक जवाब दिया।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने पश्चिमी मोर्चे पर पाकिस्तान के 26 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए, जिसमें पाकिस्तानी सेना की कई महत्वपूर्ण सैन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर दिया गया। भारत ने पाकिस्तान के चार प्रमुख एयरबेस को भी सफलतापूर्वक निशाना बनाया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि पाकिस्तान ने भारत के S-400 डिफेंस सिस्टम को तबाह करने का झूठा दावा किया है, जबकि हकीकत में उसकी सारी कोशिशें विफल रही हैं। पाकिस्तान ने अपने घरेलू यात्री विमानों की आड़ लेकर हमलों को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन भारतीय रडार सिस्टम और सेना की सतर्कता ने उसकी सभी चालों को नाकाम कर दिया।

प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि भारत के सभी एयरबेस पूरी तरह सुरक्षित हैं और भारतीय सेना हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का उल्लंघन किया है।

विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी हर कदम उठाएगा और किसी भी प्रकार के उकसावे का जवाब मजबूती से दिया जाएगा।

Exit mobile version