Site icon Samagra Bharat News website

भारतीय वायुसेना का बड़ा हमला: पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस पर धावा, रनवे तबाह

भारतीय वायुसेना का बड़ा हमला: पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस पर धावा, रनवे तबाह

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली 9 मई : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के महत्वपूर्ण सरगोधा एयरबेस पर हमला किया है। ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) विशेषज्ञों और भू-राजनीतिक विश्लेषकों ने सैटेलाइट तस्वीरों के माध्यम से पुष्टि की है कि इस हमले में एयरबेस के रनवे को गंभीर क्षति पहुँची है।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से लगातार मिसाइल, ड्रोन और फाइटर जेट्स के जरिए भारतीय सीमाओं पर हमले किए जा रहे थे, जिसके जवाब में भारतीय वायुसेना ने यह रणनीतिक हमला किया। सरगोधा एयरबेस पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) का मुख्यालय माना जाता है और यहाँ F-16 और JF-17 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान तैनात हैं। इसके अलावा यहाँ उन्नत राडार सिस्टम और वायु रक्षा प्रणालियाँ भी मौजूद हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले से पाकिस्तान की वायु सुरक्षा क्षमताओं को बड़ा झटका लगा है। सैटेलाइट तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि रनवे पर कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और एयरबेस के कुछ हिस्सों में आगजनी के संकेत भी मिले हैं।

गौरतलब है कि सरगोधा एयरबेस पर इससे पहले 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान भी भारतीय वायुसेना ने हमला किया था और उस समय भी पाकिस्तानी वायुसेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। यह एयरबेस पाकिस्तान के लिए सामरिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है क्योंकि यहाँ से पूरे पाकिस्तान के हवाई अभियानों का संचालन होता है।

भारतीय रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पाकिस्तान की हालिया सैन्य गतिविधियों के जवाब में की गई है ताकि भारतीय नागरिकों और सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस हमले के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version