Site icon Samagra Bharat News website

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की मुलाकात, ‘राइजिंग नॉर्थईस्ट’ पहल को बताया बदलाव की नींव

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की मुलाकात, ‘राइजिंग नॉर्थईस्ट’ पहल को बताया बदलाव की नींव

समग्र समाचार सेवा                                                                                                                                                                                                                          ईटानगर, 30 मई — अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल केटी परनाइक से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान हाल ही में संपन्न हुई केंद्र सरकार की ‘राइजिंग नॉर्थईस्ट’ पहल पर चर्चा हुई, जिसे उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राजभवन से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल परनाइक ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह उत्तर-पूर्व के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है। उन्होंने इसे क्षेत्र की उद्योग और निवेश की संभावनाओं का एक शानदार मंच बताया, जहां कई क्षेत्रों में साझेदारियों के नए रास्ते खुले हैं।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री चोना मीन को उद्योग समूहों और कंपनियों के साथ एमओयू (MoU) साइन करने के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य को व्यापार विस्तार और निवेश के नए अवसरों की तलाश करते रहना चाहिए। उन्होंने दीर्घकालिक सहयोग और स्थायी साझेदारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

राज्यपाल परनाइक ने युवा सशक्तिकरण, कौशल विकास और उद्यमिता को राज्य के भविष्य के तीन मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को न केवल रोजगार देना है, बल्कि नौकरी देने वाले उद्यमियों को भी तैयार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राज्यपाल को ‘राइजिंग नॉर्थईस्ट’ कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत से हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के लीडर्स ने अरुणाचल प्रदेश में निवेश और साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई है।

यह बैठक राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास, युवाओं के लिए रोजगार सृजन और निजी क्षेत्र के साथ सहयोग को और मजबूती देने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।

Exit mobile version