Site icon Samagra Bharat News website

आरसीबी की ऐतिहासिक जीत पर छाया मातम: बेंगलुरु भगदड़ ने उजागर की सरकारी नाकामी

आरसीबी की ऐतिहासिक जीत पर छाया मातम: बेंगलुरु भगदड़ ने उजागर की सरकारी नाकामी

 समग्र समाचार सेवा                                                                                                                                                                                                                             बैंगलुरु 4 जून : आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक जीत की खुशी बुधवार को एक भयावह त्रासदी में बदल गई, जब चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास एक भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हैं। यह घटना न सिर्फ जश्न को मातम में बदलने वाली है, बल्कि यह सरकार की लचर व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की घोर विफलता को भी उजागर करती है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भारी संख्या में लोग उमड़े, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि प्रशासन ने न तो पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की थी, न ही आपातकालीन एंबुलेंस की व्यवस्था। चश्मदीदों के अनुसार, मौके पर अव्यवस्था चरम पर थी, और प्रशासन की तैयारी न के बराबर थी।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए इसे “आपराधिक लापरवाही” बताया। उन्होंने कहा कि लाखों की भीड़ का अनुमान होना चाहिए था, फिर भी सुरक्षा इंतजाम नदारद थे। कई घायलों को समय पर अस्पताल तक नहीं पहुंचाया जा सका।

वहीं कांग्रेस सांसद और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने हादसे को “राजनीतिक मुद्दा न बनाने” की सलाह दी, जिससे पीड़ित परिवारों की पीड़ा और भी बढ़ गई।

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि भारत में सार्वजनिक आयोजनों में प्रशासनिक लापरवाही किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है। जब एक टीम 18 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद ट्रॉफी जीतती है, तो राज्य सरकार की यह जिम्मेदारी होती है कि वह भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

अब सवाल उठता है – क्या इस बार कोई जवाबदेही तय होगी, या यह हादसा भी अन्य घटनाओं की तरह सरकारी फाइलों में दब जाएगा?

Exit mobile version