Site icon Samagra Bharat News website

केरल तट के पास सिंगापुर-ध्वज वाले कंटेनर जहाज पर विस्फोट, भारतीय नौसेना ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

केरल तट के पास सिंगापुर-ध्वज वाले कंटेनर जहाज पर विस्फोट, भारतीय नौसेना ने किया त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

समग्र समाचार सेवा 

केरल ,9 जून : केरल तट से लगभग 78 समुद्री मील दूर सोमवार सुबह एक बड़े समुद्री हादसे की खबर सामने आई जब सिंगापुर ध्वज वाला कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503  पर जोरदार विस्फोट हुआ। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई जब जहाज कोलंबो से मुंबई की ओर जा रहा था।

विस्फोट की जानकारी सबसे पहले मुंबई स्थित Maritime Operations Centre (MOC) को मिली, जिसने तुरंत कोच्चि में तैनात इकाइयों को सतर्क किया। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट अंडरडेक में हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई और वह समुद्र में बहने लगा।

यह जहाज 270 मीटर लंबा है और इसका ड्राफ्ट 12.5 मीटर है। इसमें कुल 22 क्रू मेंबर सवार थे। विस्फोट के बाद 18 लोगों ने जहाज से बचकर लाइफबोट की मदद से समुद्र में उतरकर अपनी जान बचाई। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल की टीमों द्वारा इनका बचाव किया जा रहा है।

भारतीय नौसेना ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए INS Surat को तत्काल राहत कार्य के लिए रवाना किया। यह जहाज पहले कोच्चि में डॉक करने वाला था लेकिन इसे पश्चिमी नौसैनिक कमान के आदेश पर 11:00 बजे के बाद दिशा बदलकर घटना स्थल की ओर भेजा गया।

इसके अतिरिक्त, कोच्चि स्थित नौसैनिक एयर स्टेशन INS Garuda  से एक  Dornier एयरक्राफ्ट  को भी एयर सर्विलांस और राहत कार्यों के समन्वय के लिए भेजा गया है। वहीं, भारतीय तटरक्षक बल ने भी अपने कई संसाधनों को तैनात कर दिया है, जिनमें एक  CG Dornier  विमान शामिल है।

Defence PRO Kochi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस दुर्घटना के तुरंत बाद कई एजेंसियां मिलकर बचाव कार्य में लगी हुई हैं ।   

 

घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जहाज से घना धुआँ उठता हुआ दिखाई दे रहा है। अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और जहाज समुद्र में बह रहा है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

Exit mobile version