Site icon Samagra Bharat News website

बिहार विधानसभा चुनाव: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें तेज, इसलामपुर सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें तेज, इसलामपुर सीट से लड़ सकते हैं चुनाव

समग्र समाचार सेवा
पटना,17 जून – बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा जोर पकड़ रही है। मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के विधानसभा चुनाव में उतरने की संभावनाएँ  प्रबल होती दिख रही हैं। नालंदा से जेडीयू के चार बार के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने सार्वजनिक रूप से अपील की है कि निशांत इसलामपुर सीट से चुनाव लड़ें।

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कौशलेंद्र ने कहा कि “लोग चाहते हैं कि निशांत कुमार राजनीति में आएँ । वे न केवल शिक्षित हैं बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं। मैं चाहता हूँ  कि नई पीढ़ी आगे आए और नेतृत्व संभाले। निशांत में वह काबिलियत है कि वे पार्टी की कमान संभाल सकें।”

उन्होंने आगे कहा कि वे खुद निशांत की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। खासतौर पर नालंदा के लोग निशांत को राजनीति में देखने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। “लोग मुझसे बार-बार कहते हैं कि निशांत को राजनीति में आने के लिए प्रेरित करूं। मैं जनता की भावनाओं का सम्मान करता हूँ ,” उन्होंने कहा।

राजनीतिक विश्लेषक इंद्रजीत सिंह के अनुसार, नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से धीरे-धीरे दूर होने की संभावना के बीच पार्टी को एक नए नेतृत्व की आवश्यकता है। “निशांत कुमार उस खाली स्थान को भर सकते हैं। वे भी अपने पिता की तरह इंजीनियर हैं और आध्यात्मिक प्रवृत्ति के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में वे मीडिया से बातचीत करने लगे हैं और अपने पिता के काम की सराहना करते हुए उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने की अपील भी कर चुके हैं,” उन्होंने कहा।

हालांकि यह भी चर्चा का विषय है कि नीतीश कुमार ने हमेशा वंशवाद की राजनीति का विरोध किया है और आरजेडी प्रमुख लालू यादव पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते रहे हैं। अब देखना होगा कि नीतीश कुमार खुद अपने सिद्धांतों से समझौता करते हैं या नहीं।

यदि निशांत चुनावी राजनीति में उतरते हैं, तो यह जेडीयू में एक नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जाएगी।

Exit mobile version