Site icon Samagra Bharat News website

छत्तीसगढ़: बीजापुर में माओवादियों ने तीन ग्रामीणों की हत्या

छत्तीसगढ़: बीजापुर में माओवादियों ने तीन ग्रामीणों की हत्या

समग्र समाचार सेवा
बीजापुर (छत्तीसगढ़), 18 जून -छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले से एक बार फिर नक्सल हिंसा की दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को बीजापुर के पेड्डाकोर्मा (नयापारा) गांव में माओवादियों ने तीन ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इन ग्रामीणों को माओवादियों ने मुखबिरी के शक में फांसी के फंदे से लटका कर मौत के घाट उतार दिया।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया, “हमें इस घटना की सूचना मंगलवार शाम को प्राप्त हुई। यह गांव माओवादियों के प्रभाव वाले कोर क्षेत्र में स्थित है और घने जंगलों के बीच होने के कारण शवों की बरामदगी अभी तक नहीं हो पाई है।”

पुलिस ने इस हत्या को “माओवादियों की कायराना हरकत” करार देते हुए कहा है कि इस तरह की घटनाएं स्थानीय ग्रामीणों के बीच भय और आतंक का माहौल बनाने की साजिश का हिस्सा हैं।

तीनों मृतक ग्रामीणों की पहचान नहीं की गई है, लेकिन सभी पेड्डाकोर्मा (नयापारा) गांव के निवासी थे। पुलिस का कहना है कि यह इलाका माओवादियों के गढ़ के रूप में जाना जाता है और वहां से बार-बार मुखबिरी के शक में हत्याओं की खबरें आती रही हैं।

फिलहाल सुरक्षा बलों की एक टीम घटनास्थल की ओर रवाना की गई है लेकिन दुर्गम क्षेत्र और नक्सली गतिविधियों की आशंका के कारण ऑपरेशन में सतर्कता बरती जा रही है। शवों की बरामदगी और पोस्टमार्टम के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

Exit mobile version