Site icon Samagra Bharat News website

भारत: शुभांशु शुक्ला आज Axiom-4 मिशन के तहत जाएँगे अंतरिक्ष स्टेशन

भारत: शुभांशु शुक्ला आज Axiom-4 मिशन के तहत जाएँगे अंतरिक्ष स्टेशन

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 25 जून -आज का दिन भारत के लिए एक ऐतिहासिक पल लेकर आया है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना होने जा रहे हैं। वह ISS का दौरा करने वाले पहले भारतीय और राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे।

Axiom-4 मिशन को आज दोपहर 12 बजे फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्री — शुभांशु शुक्ला समेत — 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार शाम 4:30 बजे के करीब ISS से डॉक करने की उम्मीद है।

यह मिशन Axiom Space द्वारा संचालित है, जो एक निजी एयरोस्पेस कंपनी है। Axiom-4 मिशन को SpaceX के रॉकेट द्वारा लॉन्च किया जा रहा है। शुभांशु और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री स्पेस स्टेशन पर करीब 14 दिन गुजारेंगे, जहां वे वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी अनुसंधान में भाग लेंगे।

सात बार टल चुका है लॉन्च
इस मिशन को पहले सात बार टाला जा चुका था, जिसका कारण लॉन्च व्हीकल में तकनीकी दिक्कतें और ISS के ज़्वेज़्दा मॉड्यूल में दबाव में उतार-चढ़ाव जैसी समस्याएं थीं। Zvezda मॉड्यूल में पहली बार 2019 में लीक का पता चला था, जिसे ठीक करने में कई वर्षों का समय लगा। अब सभी मरम्मत कार्य पूरे कर लिए गए हैं और मिशन लॉन्च के लिए तैयार है।

मौसम भी सहयोगी
अंतरिक्ष मिशन की सफलता के लिए मौसम एक बड़ा कारक होता है। NASA और Axiom Space के अनुसार, मौसम की अनुकूलता 90% है, जो लॉन्चिंग के लिए बेहद आदर्श स्थिति मानी जा रही है।

इस ऐतिहासिक मिशन के साथ भारत ने एक बार फिर अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज की है।

Exit mobile version