Site icon Samagra Bharat News website

शेफाली जरीवाला का निधन, मिका सिंह और हिमांशी खुराना समेत कई सितारे सदमे में

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 28 जून:  टेलीविजन इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा और ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 41 वर्ष की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेफाली को रात करीब 11:15 बजे उनके पति पराग त्यागी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके अचानक निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई नामचीन सितारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना दुख प्रकट किया।

मिका सिंह बोले- “यकीन नहीं हो रहा”

मशहूर गायक मिका सिंह ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा,
“दिल बहुत भारी हो गया है। हमारी प्यारी स्टार और मेरी दोस्त शेफाली जरीवाला हमें छोड़कर चली गई हैं। अब भी विश्वास नहीं हो रहा। आपकी स्माइल हमेशा याद रहेगी। ओम् शांति।”

हिमांशी खुराना का बयान: “बिग बॉस का घर शापित लगता है”

‘बिग बॉस 13’ की प्रतियोगी रही हिमांशी खुराना ने अपने पोस्ट में लिखा,
“बिग बॉस, मुझे लगता है वो जगह ही शापित है।”
उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं।

काम्या पंजाबी ने जताया गहरा दुख

टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी ने लिखा,
“मैं इस खबर से उबर नहीं पा रही हूं, मेरा दिल टूट गया है।”

अन्य सेलेब्स की प्रतिक्रियाएं

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने शेफाली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,
“यह खबर बेहद चौंकाने वाली है। उनकी आत्मा को शांति मिले और भगवान उनके परिवार को हिम्मत दे।”

अली गोनी ने लिखा,

“शेफाली जरीवाला के निधन की खबर सुनकर काफी हैरान हूं। जिंदगी का कोई भरोसा नहीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।”

कीकू शारदा ने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा,

“मैंने उनके साथ कुछ वेब शोज़ में काम किया है। वह बेहद खुलकर जीने वाली महिला थीं। हम आपको मिस करेंगे, शेफाली।”

अंतिम क्षणों में साथ थे पति पराग

सूत्रों के अनुसार, शेफाली को रात 11:15 बजे अस्पताल लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। उनके पति पराग त्यागी आखिरी समय तक उनके साथ थे।

Exit mobile version