Samagra Bharat News website

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नियुक्त किए नए राज्यपाल और उपराज्यपाल

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली 14 जुलाई – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को हरियाणा और गोवा के लिए नए राज्यपालों तथा लद्दाख के लिए नए उपराज्यपाल की नियुक्ति की। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि ये नियुक्तियाँ संबंधित पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

गोवा के लिए वरिष्ठ राजनेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अशोक गजपति राजू भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और उनके पास प्रशासनिक अनुभव का लंबा इतिहास है। उनकी नियुक्ति को गोवा के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

हरियाणा के लिए नए राज्यपाल की घोषणा भी राष्ट्रपति ने की है, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रोफेसर असीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया है।

वहीं, लद्दाख के लिए उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को नियुक्त किया गया है। उन्होंने ब्रिगेडियर (डॉ.) बी. डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है, जिन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया था। बी.डी. मिश्रा पूर्व में अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रह चुके हैं और उन्हें एक अनुशासित तथा कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता रहा है।

कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक प्रमुख नाम हैं और पूर्व में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर और उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए एक रणनीतिक निर्णय माना जा रहा है, जहाँ प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक संतुलन की विशेष आवश्यकता है।

इन नियुक्तियों को लेकर देशभर में राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, सभी नियुक्त व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियाँ पदभार संभालने की तिथि से निभाना प्रारंभ करेंगे।

Exit mobile version