Site icon Samagra Bharat News website

पीएम मोदी ने आरएसएस की शताब्दी पर विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का किया जारी

पीएम मोदी ने आरएसएस की शताब्दी पर विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का किया जारी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की 100 वर्षों की यात्रा को समर्पित विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया। यह आयोजन दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।

अपने संबोधन की शुरुआत पीएम मोदी ने संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक विजय कुमार जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि विजय कुमार जी ने हर मोड़ पर संघ के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनका जाना संघ परिवार के लिए बड़ी क्षति है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि जारी किए गए सिक्के पर एक ओर राष्ट्रीय चिन्ह है, जबकि दूसरी ओर सिंह पर विराजमान भारत माता की छवि और संघ कार्यकर्ताओं की तस्वीर अंकित है। उन्होंने कहा, “भारतीय मुद्रा पर भारत माता की छवि पहली बार इस सिक्के पर प्रदर्शित हुई है।” इसके साथ ही सिक्के पर संघ का बोधवाक्य भी लिखा गया है।

अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि आरएसएस की शताब्दी त्याग, निस्वार्थ सेवा, राष्ट्र निर्माण और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताया और संघ के सभी स्वयंसेवकों को राष्ट्र सेवा के संकल्प के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने आगे कहा कि संघ की स्थापना विजयादशमी के दिन होना मात्र संयोग नहीं, बल्कि यह भारत की अनादि राष्ट्र चेतना का पुनरुत्थान है। विजयादशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह दिन अन्याय और असत्य पर सत्य, न्याय और प्रकाश की विजय का प्रतीक है।

कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री द्वारा संघ के स्वयंसेवकों का अभिनंदन करते हुए किया गया।

Exit mobile version