Site icon Samagra Bharat News website

प्रेमानंद महाराज से मिलवाने के बहाने महिला से रेप, आरोपी गिरफ्तार

समग्र समाचार सेवा
मथुरा, 13 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आस्था के नाम पर एक महिला के साथ दरिंदगी की गई। वृंदावन के राधा निवास में रहने वाले सुंदरम राजपूत नामक व्यक्ति ने आगरा की एक महिला को आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से मिलवाने का झांसा दिया और उसके साथ होटल में रेप किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी। आरोपी ने खुद को महाराज का भक्त बताते हुए महिला से कहा कि वह उसकी ‘डायरेक्ट मुलाकात’ करवाएगा।

12 सितंबर को जब महिला अपने भाई के साथ वृंदावन पहुंची, तो आरोपी ने उसे यह कहकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया कि आश्रम अंदर है और गाड़ियां वहां नहीं जा सकतीं। लेकिन वह उसे आश्रम की बजाय राधाकृष्ण धाम होटल ले गया।

वहां आरोपी ने कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश किया और उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया।

महिला ने तीन दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और शनिवार को देवरहा बाबा घाट रोड से गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब वीडियो और चैट रिकॉर्डिंग जैसे डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।

Exit mobile version