Site icon Samagra Bharat News website

बिहार में गरजे पीएम मोदी: “RJD ने कांग्रेस को डरा-धमकाकर छीना सीएम पद”

समग्र समाचार सेवा
आरा (बिहार), 2 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आरा में हुई जनसभा में महागठबंधन पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी की दोस्ती सत्ता के लालच पर आधारित है और दोनों दल बिहार की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं।

मोदी ने कहा, “नामांकन वापस लेने से ठीक एक दिन पहले बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल हुआ। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि सीएम आरजेडी से बने, लेकिन आरजेडी ने कट्टा दिखाकर पद छीन लिया।”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस को डराकर जबरन समर्थन की घोषणा करवाई गई,  और यह सच्चाई अब जनता जान चुकी है।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि एनडीए का घोषणापत्र जनता के विश्वास का दस्तावेज है, जबकि महागठबंधन का घोषणापत्र झूठ और भ्रम से भरा हुआ है।

पाकिस्तान पर बोलते हुए मोदी ने कहा, “जब पाकिस्तान में धमाके हुए, कांग्रेस का शाही परिवार बेचैन हो गया था। आज तक कांग्रेस और उनके नामदार ऑपरेशन सिंदूर से उबर नहीं पाए हैं।”

जंगलराज और 1984 के दंगे का तंज

मोदी ने आरजेडी के शासनकाल को “जंगलराज” बताते हुए कहा, “उस दौर में 37 हजार अपहरण हुए, डॉक्टर तक अपनी सुरक्षा के लिए गार्ड रखने को मजबूर थे।”
उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और 1984 के सिख दंगों के आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

सैनिकों के योगदान का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने वन रैंक वन पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि NDA सरकार ने सैनिकों के सम्मान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत देशभर के पूर्व सैनिकों को एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है, जिसमें बिहार के भी हजारों परिवार शामिल हैं।

Exit mobile version