Site icon Samagra Bharat News website

टीम इंडिया का ऐलान: केएल राहुल कप्तान, शुभमन गिल बाहर, ऋतुराज–पंत की वापसी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 23 नवंबर:दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट झेलने वाले शुभमन गिल इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे।

लंबे समय के बाद वनडे सेटअप में वापसी कर रहे ऋषभ पंत को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ को भी टीम में जगह मिली है।

तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह इस बार वनडे टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह पर भरोसा जताया गया है। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज के तीन मैच क्रमशः 30 नवंबर (रांची), 3 दिसंबर (रायपुर) और 6 दिसंबर (विशाखापट्टनम) में खेले जाएंगे।

भारत की वनडे टीम (Squad)

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।

Exit mobile version