Site icon Samagra Bharat News website

पीएम मोदी ने भगवान श्रीराम की 77 फुट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया

समग्र समाचार सेवा
गोवा, 28 नवम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोवा में स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की 77 फुट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा स्वरूप और भाव-भंगिमा में अयोध्या की मूर्ति से काफी मेल खाती है। भगवान श्रीराम के हाथ में धनुष-बाण और चेहरे पर दिव्यता का भाव इसकी विशेषता है।

पीएम मोदी मठ के 550वें वर्ष के उत्सव ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह मठ बदलते युगों में भी सत्य, सेवा और आध्यात्मिकता के मार्ग पर अडिग रहा है और समाज को दिशा देने वाला केंद्र बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई संस्था सत्य पर आधारित होती है, तो समय के चक्रवात भी उसे डगमगा नहीं पाते।

यह विशाल प्रतिमा प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार के मार्गदर्शन में बनाई गई है, वही कलाकार जिन्होंने गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी डिजाइन की थी। मठ परिसर में प्रतिमा के साथ रामायण थीम पार्क और राम संग्रहालय भी विकसित किया जा रहा है।

गोकर्ण पर्तगाली मठ की स्थापना 1656 ईसवीं में श्री राम चंद्र तीर्थ ने की थी। यह सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र है और इसकी देशभर में 33 शाखाएं हैं। 550वां वार्षिकोत्सव 31 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें राम नाम जप अभियान, भजनी सप्ताह, विशेष पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन पहले अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण कर चुके हैं और अब गोवा में भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण करना बेहद सौभाग्य का विषय है।

Exit mobile version