Site icon Samagra Bharat News website

ब्लाइंड महिला टी -20 वर्ल्ड कप विजेता टीम ने प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर की मुलाकात

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की मेजबानी की, जिसने हाल ही में 23 नवंबर 2025 को आयोजित पहला ब्लाइंड महिला टी -20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। प्रधानमंत्री  मोदी ने टीम का स्वागत लड्डुओं से किया और खिलाड़ियों के साथ फोटो सेशन में हिस्सा लिया।

इससे पहले 24 नवंबर को प्रधानमंत्री ने X पर पोस्ट कर टीम को “ऐतिहासिक उपलब्धि” बताते हुए बधाई दी थी। उन्होंने लिखा कि भारतीय ब्लाइंड महिला टीम ने न केवल वर्ल्ड कप जीता बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपराजित भी रही। प्रधानमंत्री  मोदी ने कहा कि यह सफलता देश के लिए प्रेरणादायक है और खिलाड़ियों की मेहनत, टीमवर्क और जज़्बे का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि “हर खिलाड़ी एक चैंपियन है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।”

फाइनल में शानदार जीत

टीसी की कप्तानी में भारतीय टीम पूरे T20 सीज़न में प्रभावशाली प्रदर्शन करती रही। फाइनल में भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल को 20 ओवर में सिर्फ 114/5 पर रोक दिया। पूरे मैच में नेपाल मात्र एक चौका ही लगा पाई।

लक्ष्य का पीछा करते हुए फूला सारेन ने नाबाद 44 रन की पारी खेलकर भारत को 12 ओवर में ही जीत दिला दी। करुणा  ने भी 42 रन बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेमीफ़ाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था, जबकि पाकिस्तान को नेपाल ने मात दी थी।

Exit mobile version