Site icon Samagra Bharat News website

तेजस्वी की कोर टीम पर बगावत, RJD समीक्षा बैठक में हारे उम्मीदवारों का हंगामा

समग्र समाचार सेवा
पटना, 28 नवंबर:  बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) लगातार समीक्षा बैठकों का दौर चला रही है। 2015 और 2020 में सबसे बड़ी पार्टी बनने वाली RJD इस बार सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई थी। अब समीक्षा बैठकों में पार्टी के भीतर का असंतोष खुलकर सामने आ रहा है।

बुधवार को मगध प्रमंडल की सीटों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में चुनाव हार चुके कई उम्मीदवारों ने तेजस्वी यादव की कोर टीम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें महागठबंधन के सहयोगी दलों  कांग्रेस, लेफ्ट, वीआईपी, आईआईपी  से वैसा सहयोग नहीं मिला, जैसा मिलना चाहिए था।

कई उम्मीदवारों ने पार्टी में सामंजस्य और सामूहिक रणनीति की कमी को हार की सबसे बड़ी वजह बताया। RJD की समीक्षा बैठकों का सिलसिला 9 दिसंबर तक चलेगा।

दूसरी तरफ, कांग्रेस भी अपने स्तर पर नतीजों को लेकर मंथन कर रही है। दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक में वैशाली के उम्मीदवार इंजीनियर संजीव और पूर्णिया प्रत्याशी जितेंद्र यादव के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप लगा कि इंजीनियर संजीव ने टिकट बंटवारे पर सवाल उठाते हुए जितेंद्र यादव को कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दी। हालांकि, बाद में संजीव ने सफाई देते हुए कहा कि बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

Exit mobile version