Site icon Samagra Bharat News website

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़

समग्र समाचार सेवा
अवंतीपोरा, जम्मू-कश्मीर, 29 नवम्बर: अवंतीपोरा पुलिस और सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त अभियान के दौरान नानार मीदूरा क्षेत्र में आतंकियों की मदद करने वाले सहयोगी नजीर अहमद गनई को गिरफ्तार किया गया। नजीर, नानार के गनई मोहल्ले का रहने वाला है।

सूचना मिलने के बाद अवंतीपोरा पुलिस ने 42 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 180वीं बटालियन के साथ क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नजीर अहमद गनई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बागान क्षेत्र में एक छिपे हुए आतंकी ठिकाने की जानकारी दी।

सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए इस ठिकाने का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया। ठिकाने से दो हैंड ग्रेनेड, एक डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक बरामद किए गए, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए एग्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि नजीर अहमद गनई त्राल और अवंतीपोरा क्षेत्र में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों को रसद, हथियार और गोला-बारूद की ढुलाई में सहायता करता था। इस मामले में अवंतीपोरा पुलिस ने एफआईआर संख्या 257/2025 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version