Site icon Samagra Bharat News website

इमरान खान का बाल भी बांका हुआ तो पाकिस्तान में ज़लज़ला आ जाएगा-नोरीन नियाजी

समग्र समाचार सेवा
इस्लामाबाद, 29 नवंबर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान इन दिनों जेल में बंद हैं, लेकिन उनकी सेहत और हालात को लेकर देश में अटकलों का बाज़ार गरम है। समर्थक सरकार पर हत्या की साज़िश का आरोप लगा रहे हैं, तो कुछ लोगों का दावा है कि सत्ता पक्ष इमरान खान की असल स्थिति छिपा रहा है। सरकार की चुप्पी इन आशंकाओं को और बढ़ा रही है।

इन्हीं सवालों के बीच इमरान खान की बहन नोरीन नियाजी ने कहा कि परिवार को इमरान खान की हालत के बारे में कुछ भी नहीं बताया जा रहा है, यहाँ तक कि किसी को उनसे मिलने की अनुमति भी नहीं है।

नोरीन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा,
अगर इमरान खान का बाल भी बांका हुआ तो पाकिस्तान में ज़लज़ला आ जाएगा। किसी के दिल में भी उन्हें नुकसान पहुँचाने का ख़याल है तो उसे निकाल दें।

उन्होंने कहा कि इमरान खान पूरी तरह निर्दोष हैं और सिर्फ राजनीतिक कारणों से उन्हें अलग-थलग कर जेल में रखा गया है। सरकार चाहती है कि वह माफी माँगें, लेकिन वे क्यों माफी माँगेंगे जब उन्होंने कोई अपराध किया ही नहीं? माफी तो सरकार को माँगनी चाहिए।

नोरीन ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बावजूद इमरान खान के बच्चों को भी उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा।
उनके अनुसार, पाकिस्तान में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब एसएचओ भी कोर्ट का आदेश नहीं मानते, जो मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि जो भी सत्ता में बैठे हैं, वही सब करा रहे हैं। अगर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की कोई नहीं सुन रहा, तो उन्हें अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए। इमरान खान के साथ जो कुछ हो रहा है, उसकी पूरी ज़िम्मेदारी मौजूदा सरकार की है।

Exit mobile version