Site icon Samagra Bharat News website

शहीद होने को तैयार हूं बंगाल में ‘बाबरी मस्जिद’ निर्माण पर बोले हुमायूं कबीर

समग्र समाचार सेवा
कोलकाता, 29  नवंबर: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ नाम से एक नई मस्जिद के शिलान्यास के ऐलान पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक हुमायूं कबीर अपनी घोषणा पर अड़े हुए हैं और उन्होंने विरोध करने वालों को खुली चुनौती दे दी है।

कबीर ने कहा, उन्होंने मस्जिद गिरा दी और राम मंदिर बना दिया। किसी ने विरोध नहीं किया। अब मैं बाबर के नाम पर एक मस्जिद बनाना चाहता हूं तो समस्या क्यों हो रही है?

कबीर ने आगे कहा कि अगर विरोधी उनका सिर काटना चाहते हैं, तो 6 दिसंबर को होने वाले शिलान्यास समारोह में आ सकते हैं। उन्होंने कहा, “मैं शहीद होने के लिए तैयार हूं, लेकिन बाबरी मस्जिद बनाकर ही रहूंगा।”

विधायक ने यह भी दावा किया कि न तो सुप्रीम कोर्ट और न ही गृह मंत्रालय ने यह निर्देश दिया है कि बाबर के नाम पर मस्जिद नहीं बनाई जा सकती। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई आदेश दिखा दिया जाए, तो वह मस्जिद का नाम बदलने पर विचार करेंगे।

इस पूरे विवाद से TMC ने पहले ही दूरी बना ली है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि यह कबीर का निजी मामला है और उनका बयान या योजना तृणमूल कांग्रेस से संबद्ध नहीं है।

वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मस्जिद बनाना किसी का अधिकार है, लेकिन बाबरी मस्जिद का नाम दोबारा उठाने के पीछे “हिंदुओं को डराने की कोशिश” की जा रही है। उनके मुताबिक, “अगर बाबरी मस्जिद दोबारा बनती है तो राम मंदिर भी दोबारा बनेगा।”

Exit mobile version