Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली ब्लास्ट केस में उत्तराखंड कनेक्शन, हल्द्वानी से दो मौलाना हिरासत में

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली , 30 नवंबर: दिल्ली में हुए हालिया ब्लास्ट मामले की जांच अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को नैनीताल जिले के हल्द्वानी में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। यह कार्रवाई बनभूलपुरा क्षेत्र में की गई, जहां NIA की टीम ने बिलाली मस्जिद में नमाज़ पढ़ाने वाले मौलाना आसिम और जवाहर नगर निवासी एक अन्य व्यक्ति को पूछताछ हेतु पकड़ा।

जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों का नाम दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य आरोपी आतंकी उमर के कॉल डिटेल्स में सामने आया था। इसी आधार पर NIA ने उनसे लंबी पूछताछ की। हालांकि पूछताछ और जानकारी लेने के बाद दोनों को सुपुर्दगी में छोड़ दिया गया।

नैनीताल पुलिस भी इस मामले में सक्रिय है। पुलिस टीम जिले के अन्य क्षेत्रों में एक और मौलाना से पूछताछ कर रही है, जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया है। एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उत्तराखंड में कोई स्थानीय नेटवर्क सक्रिय था, जिसने दिल्ली ब्लास्ट को किसी तरह से समर्थन या संचालन दिया।

नैनीताल SSP मंजूनाथ टीसी ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों, STF और पुलिस ने संयुक्त रूप से मौलाना आसिम और अन्य लोगों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि यह पूछताछ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और जांच जिले में जारी रहेगी।

इससे पहले दिल्ली ब्लास्ट मामले में NIA कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें आमिर राशिद अली, जासिर बिलाल वानी, डॉ. मुजम्मिल शकील, डॉ. अदील अहमद, डॉ. शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद और शोएब शामिल हैं। जांच एजेंसियां अब उत्तराखंड सहित कई राज्यों में नेटवर्क की संभावनाओं की गहन जांच कर रही हैं।

Exit mobile version