Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली एमसीडी उपचुनाव: 12 वार्डों में वोटिंग,आप–भाजपा का कड़ा मुकाबला

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 30 नवंबर: दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। सुबह से ही कई इलाकों में मतदाता बूथों पर पहुंचकर अपना वोट डाल रहे हैं। इन सभी सीटों पर 53 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि 12 में से 9 वार्ड इस समय भारतीय जनता पार्टी के पास हैं।

राजधानी की राजनीति के लिए ये उपचुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि परिणाम यह संकेत देंगे कि शहर के मतदाता मौजूदा निगम प्रशासन के कामकाज से कितने संतुष्ट हैं। यह चुनाव, भाजपा नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी दोनों के लिए इमेज बैटल की तरह देखा जा रहा है।

प्रचार के दौरान भाजपा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में अपने काम और योजनाओं को जोरदार तरीके से पेश किया, जिसमें ई-बस सेवा, स्वास्थ्य योजनाएँ और छठ पूजा की व्यवस्थाएँ प्रमुख रहीं। दूसरी तरफ, आप नेता आतिशी ने घर-घर पहुंचकर भाजपा पर निगम प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बदलाव की अपील की।

दिसंबर 2022 में हुए पिछले एमसीडी चुनाव के बाद कई राजनीतिक समीकरण बदले हैं। वर्तमान में भाजपा के पास 115 पार्षद हैं। पार्टी इन उपचुनावों में अच्छा प्रदर्शन कर सदन में पूर्ण बहुमत के आंकड़े को मजबूत करना चाहती है।

नतीजे 3 दिसंबर को घोषित होंगे, जिनसे साफ हो जाएगा कि दिल्ली की स्थानीय राजनीति का रुख किस ओर जा रहा है, स्थिरता की तरफ या बदलाव की तरफ।

Exit mobile version