Site icon Samagra Bharat News website

40 बार बोला सॉरी फिर कूद गया छात्र!

समग्र समाचार सेवा
रतलाम, मध्य प्रदेश | 30 नवंबर: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक निजी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। बच्चा प्रिंसिपल द्वारा दी गई कथित “करियर खत्म” करने वाली सख्त चेतावनी से इतना डर गया कि उसने यह खतरनाक कदम उठाया। घटना के तुरंत बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां वह गंभीर अवस्था में इलाजरत है।

रील बनाना बना मुसीबत

जानकारी के मुताबिक, बोधि इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाला छात्र रिशांत कटारा 27 नवंबर को मोबाइल फोन लेकर स्कूल आया था। आरोप है कि वह क्लास में पढ़ाई छोड़कर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने में लगा था। वीडियो में एक छात्र और एक शिक्षक भी दिखाई दे रहे थे।

रील वायरल होने पर अन्य छात्रों ने इसका स्क्रीनशॉट प्रिंसिपल को भेज दिया, जिसके बाद मामला स्कूल प्रशासन तक पहुँच गया।

नेशनल प्लेयर होने के बावजूद मिली कड़ी चेतावनी

रिशांत सिर्फ एक छात्र ही नहीं, बल्कि स्केटिंग का नेशनल प्लेयर है और कई मेडल अपने नाम कर चुका है। लेकिन प्रिंसिपल के सामने पेश होते ही स्थिति उलट गई।

परिजनों के अनुसार, प्रिंसिपल ने बच्चे को फटकार लगाते हुए कहा,
“अब तुझे स्कूल से निकाल दूंगा, तेरा पूरा करियर खत्म कर दूंगा। सारे मेडल भी वापस ले लूंगा।”

इसके बाद छात्र के पिता को बुलाकर उन्हें भी सस्पेंशन की चेतावनी दी गई। बच्चा अपने कान पकड़कर लगभग 40 बार ‘सॉरी’ बोलता रहा, लेकिन कथित तौर पर प्रिंसिपल नहीं माने।

डर, दबाव और डिप्रेशन ने बच्चा तोड़ दिया

घटना के दौरान बच्चे को एक अलग कमरे में बैठा दिया गया, जबकि प्रिंसिपल उसके माता-पिता से अलग बात कर रहे थे। इसी दौरान छात्र पर दबाव बढ़ता गया और उसने सोचना शुरू कर दिया कि अब उसका करियर खत्म हो चुका है।

डर और घबराहट में उसने सुसाइड की कोशिश करते हुए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

मामला अब जांच के दायरे में

परिवार ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कूल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Exit mobile version