Site icon Samagra Bharat News website

पुतिन राजघाट पर बापू को देंगे श्रद्धांजलि, फिर पीएम मोदी संग शुरू होंगी अहम बातचीत

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5 दिसंबर: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा के लिए इस समय नई दिल्ली में हैं। शुक्रवार, 5 दिसंबर को इस दौरे का दूसरा दिन सबसे अहम माना जा रहा है। सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जहां तीनों सेनाएं उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान करेंगी।

औपचारिक समारोह के बाद पुतिन राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। यह हर महत्वपूर्ण राष्ट्रप्रमुख की भारत यात्रा का एक प्रतीकात्मक और भावनात्मक पड़ाव माना जाता है।

दोपहर में रूस और भारत के प्रतिनिधिमंडल के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। पुतिन 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसमें कई अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी। ऊर्जा, रक्षा, आर्कटिक सहयोग और नए आर्थिक कॉरिडोर पर भी बात होने की संभावना है।

इससे पहले गुरुवार, 4 दिसंबर की शाम पुतिन का विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा था। पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर स्वयं एयरपोर्ट पर जाकर उनका स्वागत किया। दोनों नेता एक ही कार में पीएम आवास पहुंचे, जहां डिनर पर लगभग तीन घंटे तक दोनों के बीच विस्तृत वार्ता हुई।

अब सारी निगाहें आज होने वाली आधिकारिक बैठकों और संभावित समझौतों पर टिकी हैं। इस यात्रा को दोनों देशों की ‘रणनीतिक साझेदारी’ में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।

Exit mobile version