Site icon Samagra Bharat News website

डॉ. विजय जॉली ने तंज़ानिया में मृत भारतीय मुस्लिम नागरिक का शव भारत लाने में की मदद

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 06 दिसंबर: भाजपा नेता डॉ. विजय जॉली के त्वरित हस्तक्षेप और प्रयासों से तंज़ानिया में निधन हुए गुजरात के वापी निवासी भारतीय मुस्लिम नागरिक हसीम हंजरभाई गुना वाला के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। 2 दिसंबर 2025 को हसीम गुना वाला का दार एस सलाम स्थित मुहिम्बिली अस्पताल, उपांगा में प्राकृतिक कारणों से निधन हुआ था।

परिवार की अपील के बाद डॉ. जॉली ने भारत के उच्चायुक्त बिष्वदीप दे को पत्र लिखकर तत्काल सहायता का अनुरोध किया। उन्होंने एनओसी जारी करने और शव को भारत भेजने की औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि शोकग्रस्त परिवार अपने प्रियजन का अंतिम संस्कार समय पर कर सके।

भारतीय उच्चायोग, दार एस सलाम ने 4 दिसंबर को तेजी से कार्रवाई करते हुए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी किया। प्रमाणपत्र में लिखा गया है कि पासपोर्ट नंबर Z3691068 के धारक हसीम गुना वाला की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई है और उच्चायोग को उनके पार्थिव शरीर को भारत भेजने में कोई आपत्ति नहीं है। यह एनओसी असिस्टेंट कांसुलर ऑफिसर द्वारिका प्रसाद द्वारा हस्ताक्षरित है।

उच्चायोग ने तंज़ानिया के स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से परिवार की सुविधा के लिए अंतिम संस्कार से जुड़े सभी प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध भी किया है। परिवार ने तंज़ानिया में उपस्थित अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से मिशन से सहायता की मांग की थी और समन्वय के लिए संपर्क विवरण साझा किए थे।

भारतीय उच्चायोग अब तंज़ानियाई अधिकारियों और एयरलाइंस के साथ मिलकर पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द गुजरात के वापी भेजने की व्यवस्था कर रहा है, ताकि परिवार अपने घर पर अंतिम संस्कार कर सके।

Exit mobile version