Site icon Samagra Bharat News website

भाई की गांजा तस्करी पर सवाल सुनते ही भड़कीं मंत्री प्रतिमा बागरी

समग्र समाचार सेवा
खजुराहो/सतना। 09 दिसंबर: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में सबसे युवा मंत्री प्रतिमा बागरी उस समय सुर्खियों में आ गईं, जब खजुराहो स्थित महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर से बाहर निकलते समय मीडिया ने उनसे उनके भाई की गिरफ्तारी पर सवाल किया। सवाल सुनते ही मंत्री प्रतिमा बागरी तमतमा उठीं और पत्रकारों पर भड़कते हुए बोलीं, जबरदस्ती की बात क्यों करते हो तुम लोग?” इसके बाद वे बिना कोई जवाब दिए तेज़ी से आगे बढ़ गईं।

घटना तब हुई जब पत्रकारों ने मंत्री से उनके भाई अनिल बागरी की गिरफ्तारी पर टिप्पणी मांगी। सतना पुलिस ने हाल ही में अनिल और उसके साथी को 46 किलो गांजा के साथ पकड़ा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नशा कारोबार में अनिल अपने जीजा शैलेंद्र सिंह के साथ मिलकर सक्रिय था। दोनों फिलहाल जेल में हैं।

भाई की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने इसे राजनीतिक संरक्षण का मामला बताते हुए सरकार पर हमला तेज कर दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा सरकार में मंत्रियों के रिश्तेदार खुलेआम अवैध कारोबार में पकड़े जा रहे हैं, और मंत्री मीडिया से सवाल पूछने पर भी झल्ला रही हैं।

प्रतिमा बागरी सतना जिले की रैगांव सीट से विधायक हैं और मोहन यादव की कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री मानी जाती हैं। 2023 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की कल्पना वर्मा को भारी अंतर से हराया था। अब परिवार से जुड़े इस मुद्दे ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

Exit mobile version