Site icon Samagra Bharat News website

गुवाहाटी में शहीद स्मारक परिसर का उद्घाटन

समग्र समाचार सेवा
गुवाहाटी, 10 दिसम्बर: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को गुवाहाटी के पश्चिम बोरागांव में निर्मित शहीद स्मारक क्षेत्र और उद्यान को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, मंत्री अतुल बोरा सहित कई मंत्री, विधायक और भाजपा नेता उपस्थित थे। सभी ने असम आंदोलन के महान शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस एवं बलिदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने स्मारक स्थल पर स्थित ‘शहीद प्रणाम ज्योति’ पर पुष्पांजलि अर्पित की और असम तथा असमिया अस्तित्व की रक्षा के संघर्ष में प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का सम्मान किया। उन्होंने स्मारक में स्थापित प्रतिमाओं का अवलोकन कर उनके अद्भुत त्याग को नमन किया।

डॉ. सरमा ने कहा कि शहीद स्मारक क्षेत्र का उद्घाटन, असम आंदोलन के शहीदों के प्रति असम सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार शहीदों के संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए राज्य की संस्कृति, विरासत और भूमि की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनके अनुसार, असमिया गौरव और अधिकारों की रक्षा के प्रयास उन आदर्शों को समर्पित हैं, जिनके लिए शहीदों ने सर्वोच्च बलिदान दिया।

Exit mobile version