Site icon Samagra Bharat News website

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी थाईलैंड में पकड़े गए

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 11 दिसंबर: गोवा नाइट क्लब आग मामले में आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया। फुकेट से आई तस्वीर में दोनों हथकड़ी लगाए नजर आए। तस्वीर में एक अधिकारी उनके पासपोर्ट भी दिखा रहा है। आग लगने की घटना के बाद दोनों भाई भारत से भाग गए थे। इसके बाद जांच एजेंसियों ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया।

लूथरा ब्रदर्स गोवा के बर्च बाई रोमियो लेन नाइट क्लब के मालिक हैं। इसी क्लब में आग लगी थी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई। घटना के तुरंत बाद दोनों भाई देश छोड़कर निकल गए। जांच तेज हुई तो भारत सरकार ने उनका पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया।

पासपोर्ट सस्पेंड होने के बाद उनका थाईलैंड में रहना अवैध हो गया। इसी वजह से थाईलैंड पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि सस्पेंड पासपोर्ट के साथ किसी भी विदेशी नागरिक को रुकने की अनुमति नहीं होती। इसलिए उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, भारत और थाईलैंड के बीच इस मामले में लगातार बातचीत जारी है। अब भारतीय अधिकारी दोनों भाइयों के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग करेंगे। थाईलैंड सरकार ने जांच में पूरा सहयोग दिया है। आगे की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जाएगी।

घटना में मारे गए लोगों के परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहे थे। लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी को परिवारों ने राहत के रूप में देखा। अधिकारी मानते हैं कि आरोपियों के भारत आने के बाद कई अहम सवालों के जवाब मिलेंगे और जांच आगे बढ़ेगी।

Exit mobile version