Site icon Samagra Bharat News website

केरल निकाय चुनाव: थरूर ने दी भाजपा को दी बधाई

केरल निकाय चुनाव: थरूर के क्षेत्र में कांग्रेस हारी, भाजपा को दी बधाई

समग्र समाचार सेवा
तिरुवनंतपुरम | 14 दिसंबर: केरल के स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है। जिस राज्य को लंबे समय तक वामपंथ और कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा, वहाँ भाजपा की यह सफलता अहम मानी जा रही है।

अपने ही क्षेत्र में कांग्रेस की हार

इन चुनावों में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा, जबकि भाजपा ने जीत हासिल की। यह परिणाम कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से झटका माना जा रहा है, क्योंकि थरूर राज्य के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं।

थरूर ने भाजपा को दी बधाई

नतीजों के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे लोकतंत्र की खूबसूरती को दर्शाते हैं। उन्होंने विभिन्न निकायों में यूडीएफ़ को मिली जीत की सराहना की और साथ ही तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा के प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताया।

थरूर ने कहा कि उन्होंने वर्षों से चले आ रहे एलडीएफ़ शासन के ख़िलाफ़ प्रचार किया था, लेकिन मतदाताओं ने बदलाव की माँग को ध्यान में रखते हुए अपना फ़ैसला सुनाया। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे वह किसी भी दल के पक्ष में हो।

कांग्रेस के लिए बढ़ी मुश्किल

थरूर की ओर से भाजपा को दी गई बधाई कांग्रेस नेतृत्व को असहज कर सकती है। पार्टी के भीतर पहले से ही उनके रुख़ को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस इस बयान को सामान्य प्रतिक्रिया मानकर छोड़ देती है या इसे लेकर कोई राजनीतिक कदम उठाती है।

Exit mobile version