Site icon Samagra Bharat News website

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सिडनी आतंकी हमले की कड़ी निंदा की

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सिडनी आतंकी हमले की कड़ी निंदा की

समग्र समाचार सेवा
सिडनी, 15 दिसंबर: संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सिडनी आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और इसे धार्मिक नफरत से प्रेरित हिंसा करार दिया। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में हनुक्का पर्व के आयोजन के दौरान हुई गोलीबारी पर महासचिव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने बताया कि महासचिव ने हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। महासचिव ने ऑस्ट्रेलिया की जनता और सरकार के साथ एकजुटता और यहूदी समुदाय के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

महासचिव ने यहूदी-विरोधी सोच और नफरत की हर प्रकार की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों पर हमले सहिष्णुता, मानवता और सामाजिक मूल्यों पर हमला हैं।

न्यू साउथ वेल्स राज्य पुलिस के अनुसार, इस हमले में 16 लोगों की मौत हुई। 14 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। मृतकों की उम्र 10 वर्ष से 87 वर्ष तक थी। मृतकों में एक हमलावर भी शामिल है।

हमले में लगभग 40 लोग घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में से पांच की स्थिति गंभीर है।

पुलिस आयुक्त माल लैन्यन ने बताया कि हमले में एक 50 वर्षीय पिता और उसका 24 वर्षीय बेटा शामिल था। 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हो गई। उसके पास वैध हथियार लाइसेंस था और छह हथियार मौजूद थे।

यह गोलीबारी रविवार शाम लगभग 6 बजकर 47 मिनट पर हुई, जब हनुक्का पर्व के पहले दिन समुद्र तट पर करीब एक हजार लोग एकत्रित हुए। दोनों हमलावरों ने अचानक भीड़ पर गोलियां चलाना शुरू किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version