Site icon Samagra Bharat News website

माफी नहीं तो अंजाम तय, पाकिस्तानी डॉन की सीएम नीतीश को धमकी

माफी नहीं तो अंजाम तय, पाकिस्तानी डॉन की सीएम नीतीश को धमकी

समग्र समाचार सेवा
पटना | 17 दिसंबर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा एक घरेलू विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान हिजाब को लेकर उठे विवाद में अब पाकिस्तान का कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी भी कूद पड़ा है। भट्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से माफी मांगने की धमकी दी है, जिससे राजनीतिक और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यह पूरा मामला सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है,जहाँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक हजार से अधिक नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान एक महिला चिकित्सक हिजाब पहने मंच पर पहुंचीं। जहाँ   नियुक्ति पत्र देते समय मुख्यमंत्री ने महिला चिकित्सक के चेहरे से हिजाब हटा दिया।

घटना के तुरंत बाद महिला चिकित्सक असहज और घबराई हुई नजर आईं। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने उन्हें मंच से हटाकर एक ओर ले गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री को रोकने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए। कार्यक्रम का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इस मुद्दे पर सियासी और सामाजिक बहस तेज हो गई।

इसी वायरल वीडियो के आधार पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी सामने आया। अपने वीडियो संदेश में उसने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ने महिला चिकित्सक से माफी नहीं मांगी तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। उसने भारत की संस्थाओं का भी उल्लेख किया और कार्रवाई की मांग की, जिससे साफ है कि वह इस विवाद को जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय रंग देने की कोशिश कर रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला है और उस पर भारत विरोधी गतिविधियों व आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं। सोशल मीडिया पर वह खुद को इस्लाम और पाकिस्तान का “सिपाही” बताता है और अक्सर विवादित बयानों के जरिए चर्चा में रहता है।

इस पूरे घटनाक्रम से बिहार की राजनीति में भी हलचल मच गई है। विपक्ष मुख्यमंत्री के व्यवहार पर सवाल उठा रहा है, जबकि सत्तापक्ष इसे बेवजह तूल देने की कोशिश बता रहा है।

Exit mobile version