Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली प्रदूषण : आज से बिना पीयूसी नहीं मिलेगा तेल

दिल्ली प्रदूषण : आज से बिना पीयूसी नहीं मिलेगा तेल

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 18 दिसंबर: दिल्ली में आज से बिना पीयूसी पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। आज से राजधानी में नया और सख्त यातायात नियम लागू कर दिया गया है। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है। 18 दिसंबर 2025 से यदि किसी वाहन के पास वैध पीयूसी सर्टिफिकेट नहीं है, तो उसे पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह नियम दिल्ली में पंजीकृत वाहनों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों पर भी समान रूप से लागू होगा। यदि कोई वाहन चालक बिना पीयूसी सर्टिफिकेट के पेट्रोल या डीजल लेने पहुंचता है, तो उसे ईंधन देने से मना कर दिया जाएगा।

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए यह कदम जरूरी हो गया था। बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सड़कों पर चल रहे हैं, जिनका प्रदूषण स्तर तय मानकों से अधिक है। इसी कारण अब पीयूसी सर्टिफिकेट को अनिवार्य कर दिया गया है।

यदि आपकी गाड़ी की पीयूसी नहीं बनी है, तो आपको इसे तुरंत बनवाना होगा। इसके लिए वाहन मालिक पेट्रोल पंपों या अधिकृत पीयूसी केंद्रों पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पीयूसी बनवाने के लिए वाहन की आरसी दिखानी होती है, जिसके आधार पर वाहन का विवरण सिस्टम में दर्ज किया जाता है। इसके बाद वाहन की प्रदूषण जांच की जाती है।

जांच के दौरान वाहन से निकलने वाले धुएं की मात्रा तय मानकों के अनुसार मापी जाती है। अगर वाहन प्रदूषण मानकों पर खरा उतरता है, तो निर्धारित शुल्क लेकर पीयूसी सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाता है। यह सर्टिफिकेट सीमित अवधि के लिए मान्य होता है, जिसके बाद इसे दोबारा नवीनीकरण कराना जरूरी होता है।

सरकार ने साफ किया है कि दिल्ली में बिना पीयूसी पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा और इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपनी गाड़ी की पीयूसी जांच करवा लें।

Exit mobile version