Site icon Samagra Bharat News website

मेसी इवेंट विवाद: गांगुली ने उत्तम साहा पर ठोका ₹50 करोड़ का मानहानि मुकदमा

समग्र समाचार सेवा
कोलकाता | 20 दिसंबर: कोलकाता में आयोजित दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के इवेंट के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अफरातफरी अब कानूनी विवाद का रूप ले चुकी है। इस मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अर्जेंटीना फैन क्लब के अध्यक्ष उत्तम साहा के खिलाफ ₹50 करोड़ का मानहानि मुकदमा दायर किया है।

सौरव गांगुली ने कोलकाता के लालबाजार थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उत्तम साहा ने जानबूझकर उन्हें युवा भारती स्टेडियम (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में हुई अव्यवस्था से जोड़ने की कोशिश की और उनके खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण व अपमानजनक बयान दिए। गांगुली का कहना है कि इन आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

शिकायत के अनुसार, उत्तम साहा ने लगातार मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर ऐसे बयान दिए, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं था। गांगुली ने इसे साजिशन और उद्देश्यपूर्वक की गई कार्रवाई बताया है। इससे पहले पूर्व कप्तान की ओर से साहा को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन आरोप नहीं रुकने के बाद उन्होंने मानहानि का मुकदमा दायर करने का फैसला किया।

गौरतलब है कि इवेंट के दिन सौरव गांगुली सॉल्ट लेक स्टेडियम में मौजूद थे, लेकिन वे एक अलग हिस्से में थे। अव्यवस्था और अव्यवस्थित हालात से निराश होकर वे कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए थे। गांगुली ने स्पष्ट किया है कि वे केवल अतिथि के रूप में वहां पहुंचे थे और लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के आयोजन या प्रबंधन से उनका कोई लेना-देना नहीं था।

गांगुली का कहना है कि उत्तम साहा की ओर से लगाए गए आरोपों ने उनकी वर्षों से बनी छवि को नुकसान पहुंचाया है। अब इस मुकदमे की सुनवाई और इसके परिणाम को न सिर्फ क्रिकेट जगत, बल्कि देशभर के खेल प्रशंसक भी बड़ी दिलचस्पी से देख रहे हैं, क्योंकि यह मामला खेल आयोजनों और फैन क्लबों से जुड़े विवादों में एक अहम उदाहरण बनता जा रहा है।

Exit mobile version