Site icon Samagra Bharat News website

इंटरकास्ट शादी से नाराज़ पिता ने गर्भवती बेटी की पीट-पीटकर मार डाला

समग्र समाचार सेवा
हुबली | 22 दिसंबर:कर्नाटक में ऑनर किलिंग का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। हुबली के इनापुर गांव में एक पिता ने इंटरकास्ट शादी से नाराज़ होकर अपनी ही गर्भवती बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान मान्या पाटिल के रूप में हुई है, जो करीब पाँच महीने की गर्भवती थी।

लोहे की रॉड से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम मान्या अपने पति के साथ गांव में मौजूद थी। इसी दौरान उसके पिता ने गुस्से में आकर लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मान्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ससुराल पक्ष पर भी हमला
घटना के वक्त मान्या के ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य मौके पर पहुँचे और उसे बचाने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जारी है।

सात महीने पहले की थी शादी
जानकारी के अनुसार, मान्या पाटिल ने इसी साल मई महीने में दूसरी जाति के युवक से प्रेम विवाह किया था। परिवार इस शादी के खिलाफ था और दंपती को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी। सुरक्षा के चलते दोनों कुछ समय तक हावेड़ी जिले में रहे। अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद दोनों परिवारों के बीच बैठक हुई और समझौते की कोशिश की गई। इसके बाद 8 दिसंबर को मान्या अपने पति के साथ गांव लौटी थी।

तीन आरोपी हिरासत में, जाँच तेज
घटना के बाद पुलिस ने मान्या के पिता सहित प्रकाश, वीराना और अरुण नामक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। मामले की गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version