Site icon Samagra Bharat News website

अरुणाचल में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, कुपवाड़ा से और आरोपी गिरफ्तार

अरुणाचल में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, कुपवाड़ा से और आरोपी गिरफ्तार

समग्र समाचार सेवा
ईटानगर, 23 दिसंबर :अरुणाचल प्रदेश में सक्रिय एक जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ईटानगर पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पाकिस्तान में बैठे आकाओं के लिए संवेदनशील जानकारियां जुटाकर साझा कर रहे थे। ताज़ा गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

कुपवाड़ा से हुई गिरफ्तारी, जाँच  का दायरा बढ़ा

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान एजाज अहमद भट और बशीर अहमद गनई के रूप में हुई है। कानून एवं व्यवस्था के पुलिस महानिरीक्षक चुखू आपा ने बताया कि दोनों को 18 दिसंबर को कुपवाड़ा से गिरफ्तार कर अरुणाचल प्रदेश लाया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

संवेदनशील सूचनाएँ  पाकिस्तान तक पहुँचाने  का आरोप

पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूमकर संवेदनशील जानकारियां एकत्र कर रहे थे और उन्हें पाकिस्तान में मौजूद अपने आकाओं तक भेज रहे थे। मामले से जुड़े डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और अहम खुलासे होने की संभावना है।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

इससे पहले 21 नवंबर को कुपवाड़ा जिले के ही नजीर अहमद मलिक और साबिर अहमद मीर को जासूसी गतिविधियों में संलिप्तता के ठोस इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक अन्य आरोपी शबीर अहमद खान, जो कुपवाड़ा का ही निवासी है, को ईटानगर से पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी आपस में संपर्क में थे और एक संगठित नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे।

कंबल बेचने की आड़ में जासूसी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी कंबल बेचने का काम करते थे। इसी बहाने वे राज्य के अलग-अलग इलाकों में आसानी से घूमते थे और स्थानीय गतिविधियों व अहम स्थानों से जुड़ी जानकारियां जुटाते थे। पुलिस अधीक्षक जुम्मर बासर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की।

नागरिकों से सतर्कता की अपील

मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस ने ईटानगर के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि लोग अपने घर किराये पर देने से पहले किरायेदारों के दस्तावेजों की पूरी जांच करें और पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की सुरक्षा संबंधी समस्या से बचा जा सके।

Exit mobile version