Site icon Samagra Bharat News website

ढाका के मोगबाजार में बम धमाका, एक युवक की मौत से दहशत

ढाका के मोगबाजार में बम धमाका, एक युवक की मौत से दहशत

समग्र समाचार सेवा
ढाका | 24 दिसंबर: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोगबाजार इलाके में एक जोरदार बम धमाका हुआ। यह विस्फोट स्वतंत्रता सेनानी स्मारक के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कैसे हुआ धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक फ्लाईओवर के ऊपर से नीचे की ओर एक बम फेंका गया। कुछ ही पलों में तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। विस्फोट के कारण सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

सियाम की मौत, परिजनों में मातम

धमाके में सियाम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों ने उसे खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा। कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि सियाम एक निजी कारखाने में काम करता था और घटना के समय उसी इलाके में मौजूद था। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में परिजनों ने मौके पर पहुँचकर उसकी शिनाख्त की।

बम फेंककर फरार हुए उपद्रवी

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बम फेंकने के तुरंत बाद उपद्रवी मौके से फरार हो गए। धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

पुलिस पहुँची, जाँच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। ढाका महानगर पुलिस के रामना डिवीजन के उप पुलिस आयुक्त मसूद आलम ने बताया कि शुरुआती जाँच में यह संकेत मिले हैं कि बम फ्लाईओवर के ऊपर से नीचे की ओर फेंका गया था। फिलहाल बम विस्फोट की वजह साफ नहीं हो सकी है और मामले की गहन जाँच की जा रही है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि में घटना

यह धमाका ऐसे समय पर हुआ है, जब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता तारिक रहमान की वापसी से ठीक एक दिन पहले यह घटना सामने आई है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियाँ हर पहलू से मामले की जाँच कर रही हैं।

Exit mobile version