Site icon Samagra Bharat News website

बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या

समग्र समाचार सेवा
राजबाड़ी (बांग्लादेश), 25 दिसंबर:बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हिंसा की एक और घटना सामने आई है। राजबाड़ी जिले के पांगशा क्षेत्र में 29 वर्षीय हिंदू युवक अमृत मंडल उर्फ सम्राट की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजे कालीमोहोर यूनियन के होसेनडांगा गांव में हुई।

पुलिस के अनुसार, अमृत मंडल पर जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। घटना के बाद पुलिस ने उसके एक साथी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दो हथियार बरामद किए गए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय का कहना है कि अमृत मंडल के खिलाफ पांगशा थाना क्षेत्र में कम से कम दो आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें एक हत्या से जुड़ा मामला भी शामिल है।

जबरन वसूली के आरोप और गांव में तनाव

स्थानीय लोगों और डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, अमृत मंडल पर गांव में एक आपराधिक गिरोह चलाने और जबरन वसूली करने के आरोप थे। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय तक भारत में छिपा रहा था और हाल ही में गांव लौटा था।

आरोप है कि बुधवार रात अमृत मंडल और उसके साथी शाहिदुल इस्लाम के घर जबरन वसूली की रकम लेने पहुँचे थे। घरवालों द्वारा “चोर-चोर” चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और गुस्साई भीड़ ने अमृत की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अमृत की मौके पर ही मौत हो गई।

7 दिन में दूसरी मौत से चिंता

यह घटना ठीक एक सप्ताह पहले हुई दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद सामने आई है, जिससे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जाँच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version