Site icon Samagra Bharat News website

चाँदनी चौक में कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान राख

चाँदनी चौक में कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान राख

समग्र समाचार सेवा
दिल्ली |27 दिसंबर: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चाँदनी चौक इलाके में शुक्रवार देर रात एक कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को रात 10:40 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की पाँच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि आग उत्तरी दिल्ली के चाँदनी चौक स्थित इंडियन वेलवेट नामक शोरूम में लगी थी। दमकलकर्मी मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया।

तीसरी मंज़िल से चौथी मंज़िल तक फैली आग

जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले इमारत की तीसरी मंज़िल पर लगी, जहाँ बड़ी मात्रा में वेलवेट और अन्य कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। देखते ही देखते आग भड़क गई और चौथी मंज़िल तक पहुँच गई। आग की ऊँची-ऊँची लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लाखों का सामान जलकर राख

हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तीसरी और चौथी मंज़िल पर रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर पूरी तरह राख हो गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

दमकल विभाग के मुताबिक, शुरुआती जाँच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल मौके पर कूलिंग का काम जारी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Exit mobile version