Site icon Samagra Bharat News website

महिला सशक्तिकरण मंत्री के पति का बयान, 20–25 हजार में बिहार से लड़की खरीद लो

समग्र समाचार सेवा
देहरादून | 02 जनवरी: उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर विवाद ने जोर पकड़ लिया है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के एक कथित बयान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साहू को यह कहते सुना जा रहा है कि “अगर शादी नहीं हो रही है तो 20–25 हजार में बिहार से लड़की खरीद लो।”

यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य सरकार पहले से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर विपक्ष के निशाने पर है। ऐसे में मंत्री के परिवार से जुड़े इस कथित बयान ने सरकार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

विपक्ष का तीखा हमला

वीडियो सामने आते ही कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भाजपा पर हमला तेज कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि यह बयान महिलाओं को वस्तु समझने वाली उस सोच को उजागर करता है, जो सत्ता से जुड़े लोगों में मौजूद है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पाल ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिस सरकार में महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री के परिवार से ऐसी भाषा सामने आए, वह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात कैसे कर सकती है। कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से स्पष्ट रुख अपनाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

उत्तराखंड से बाहर भी गूंज

मामला केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा। राष्ट्रीय जनता दल ने भी इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा और उससे जुड़े लोगों की बिहार की महिलाओं को लेकर अपमानजनक सोच बार-बार सामने आती रही है। आरजेडी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की और कहा कि भाजपा नेताओं की चुप्पी बहुत कुछ बयां करती है।

गिरधारी लाल साहू की सफाई

बढ़ते दबाव के बीच गिरधारी लाल साहू ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। साहू के मुताबिक, वह अपने एक दोस्त की शादी से जुड़ा किस्सा सुना रहे थे, लेकिन उसे राजनीतिक रंग दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर इस मुद्दे को उछाल रही है, ताकि उनकी पत्नी और मंत्री रेखा आर्या की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।

पुराने विवादों से भी जुड़ा नाम

यह पहला मौका नहीं है, जब गिरधारी लाल साहू विवादों में आए हों। इससे पहले भी उनका नाम एक कथित डबल मर्डर केस से जोड़ा जाता रहा है। इसके अलावा उन पर एक बेहद गंभीर आरोप लगा था कि उन्होंने अपने नौकर नरेश चंद्र गंगवार को धोखे से श्रीलंका ले जाकर उसकी किडनी निकलवाकर अपनी दूसरी पत्नी के ट्रांसप्लांट के लिए इस्तेमाल कराया। हालांकि इन मामलों की कानूनी स्थिति को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं।

Exit mobile version