Site icon Samagra Bharat News website

कनाडा में भारतीय महिलाओं की मदद के लिए टोरंटो में शुरू हुई खास पहल

समग्र समाचार सेवा
टोरंटो | 7 जनवरी: कनाडा में रह रही भारतीय महिलाओं के लिए राहत की एक बड़ी पहल करते हुए भारत का महावाणिज्य दूतावास में ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर वीमेन’ (ओएससीडब्ल्यू) को पूरी तरह से चालू कर दिया गया है। इस केंद्र के जरिए संकट में फंसी भारतीय मूल की महिलाओं को एक ही जगह पर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

हर तरह की परेशानी में मदद का भरोसा

इस केंद्र के तहत घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार, पारिवारिक विवाद, आर्थिक संकट, शोषण और कानूनी उलझनों जैसी स्थितियों में महिलाओं को सहयोग दिया जाएगा। खास बात यह है कि स्थायी निवासी महिलाओं के साथ-साथ छात्राएँ, कामकाजी महिलाएँ और अस्थायी रूप से कनाडा में रह रही भारतीय महिलाएँ भी इस सुविधा का लाभ ले सकती हैं।

भारतीय और कनाडाई संस्थाओं के बीच सेतु

कनाडा के टोरंटो में भारत के कार्यवाहक महावाणिज्य दूत कपिध्वज प्रताप सिंह ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य भारतीय महिलाओं के लिए भारतीय और कनाडाई अधिकारियों के बीच एक मजबूत सेतु तैयार करना है। उनके अनुसार, सांस्कृतिक और सामाजिक कारणों से कई महिलाएँ खुलकर अपनी बात नहीं रख पातीं, ऐसे में यह केंद्र भरोसेमंद सहारा बनेगा।

शुरुआती दिनों में ही मिला सकारात्मक रिस्पॉन्स

महावाणिज्य दूतावास की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, केंद्र की शुरुआत के कुछ ही दिनों में एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने अलग-अलग समस्याओं को लेकर संपर्क किया है। जरूरतमंद महिलाओं को यहां काउंसलिंग, मनो-सामाजिक सहयोग और आवश्यक वित्तीय सहायता की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

स्थानीय कानूनों के दायरे में काम

दूतावास की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर वीमेन’ कनाडा के स्थानीय कानूनों के दायरे में रहकर काम करेगा। केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को समय पर सही संसाधनों से जोड़ना और उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक माहौल में सहायता दिलाना है।

Exit mobile version