Site icon Samagra Bharat News website

बीजापुर एनकाउंटर: सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, टॉप नक्सली पापा राव ढेर

समग्र समाचार सेवा
बीजापुर (छत्तीसगढ़)| 17 जनवरी: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिले के अंदरूनी जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान टॉप नक्सल कमांडर पापा राव को मार गिराया गया। सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में एक अन्य नक्सली भी ढेर हुआ है। मुठभेड़ स्थल से दो एके-47 राइफल और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

लंबे समय से सक्रिय था पापा राव

मारा गया नक्सल कमांडर पापा राव बस्तर अंचल के बीजापुर और सुकमा जिलों में सक्रिय माना जाता था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं और हमलों की योजना बनाने में शामिल रहा है। इलाके में उसकी सक्रियता के चलते सुरक्षाबलों के लिए वह एक अहम लक्ष्य बना हुआ था।

हिड़वा के बाद नक्सल संगठन को दूसरा बड़ा झटका

हाल ही में हिड़वा के मारे जाने के बाद पापा राव का ढेर होना नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इससे बीजापुर-सुकमा बेल्ट में नक्सल नेटवर्क की कमर टूट सकती है और संगठन की गतिविधियों पर असर पड़ेगा।

खुफिया सूचना पर शुरू हुआ अभियान

नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने बढ़त बनाते हुए नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

मुठभेड़ अब भी जारी

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि कुछ नक्सली जंगलों की आड़ लेकर फरार हुए हो सकते हैं।

इलाके में सतर्कता बढ़ाई गई

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया है और संभावित ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

Exit mobile version