Site icon Samagra Bharat News website

भारत-पाकिस्तान मैच बायकॉट पर आईसीसी सख़्त, पीसीबी को चेतावनी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 2 फ़रवरी: आईसीसी ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार के फ़ैसले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड PCB को सख़्त चेतावनी दी है। आईसीसी ने साफ़ कहा है कि वह उम्मीद करता है कि पीसीबी सभी संबंधित पक्षों के हितों की रक्षा करते हुए आपसी सहमति वाला समाधान निकालेगा। साथ ही यह भी चेताया गया है कि इस तरह के फ़ैसलों के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।

15 फ़रवरी को तय है भारत-पाकिस्तान मुक़ाबला

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जाना है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फ़रवरी से होगी और फ़ाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुक़ाबला तय है।

पाकिस्तान सरकार ने किया मैच न खेलने का ऐलान

रविवार को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी कर जानकारी दी कि 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान क्रिकेट टीम मैदान में नहीं उतरेगी। हालांकि, इस फ़ैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

बांग्लादेश विवाद से जुड़ता मामला

इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में एक और विवाद जुड़ा हुआ है।
दरअसल, इससे पहले बांग्लादेश ने भारत की ज़मीन पर मैच खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया।अब पाकिस्तान के फ़ैसले को भी उसी कड़ी में देखा जा रहा है, जिस पर आईसीसी की सख़्त प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईसीसी की साफ़ चेतावनी

आईसीसी ने संकेत दिए हैं कि टूर्नामेंट की निष्पक्षता और आयोजन की स्थिरता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
क्रिकेट जगत की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि पाकिस्तान अपने रुख़ में बदलाव करता है या नहीं।

Exit mobile version