समग्र समाचार सेवा
देहरादून।11 फरवरी : राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बुधवार सुबह परेड ग्राउंड और तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। यह घटना ऐसे इलाके में हुई, जहां से पुलिस मुख्यालय महज कुछ ही सौ मीटर की दूरी पर स्थित है, फिर भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्जुन परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के बाद लौट रहे थे। तभी स्कूटी पर सवार दो युवक अचानक पहुंचे और सीने पर गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए शहरभर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। हालांकि, वारदात के कई घंटे बाद तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस तरह की सरेआम हत्या से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों और राहगीरों में भय का माहौल है।
गौरतलब है कि देहरादून जिले में दो सप्ताह के भीतर यह चौथी हत्या है। इससे पहले विकासनगर, ऋषिकेश और देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में भी हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा, लेकिन बढ़ते अपराध ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
देहरादून : परेड ग्राउंड के पास युवक की हत्या, दो हफ्तों में चौथी वारदात

