Site icon Samagra Bharat News website

जलपाईगुड़ी में चुनाव प्रचार के दौरान हिमंत विश्र्व शर्मा के बयान पर विवाद

 

समग्र समाचार सेवा
पश्चिम बंगाल, २२ अप्रैल: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी सदर क्षेत्र के मंडलघाट स्थित सिपाई पाड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक हिमंत विश्र्व शर्मा के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान के बाद राज्य की सियासत में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, “अगर मुझे एक गोली मारी जाएगी तो मैं दो गोली चलाऊंगा, बंगाल में थाना है तो असम में भी पुलिस है, मुकाबला बराबरी का होगा।” इस टिप्पणी के सामने आते ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की ओर से कड़ी आपत्ति जताई गई।
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार ने इस बयान को उकसाने वाला बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा से माहौल खराब हो सकता है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

इसके बाद पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गौरबाजार गांव में भाजपा उम्मीदवार जीतेन्द्र तिवारी के समर्थन में आयोजित रोड शो में भी हिमंत विश्र्व शर्मा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस, डीएमके और तृणमूल कांग्रेस ने मिलकर इस बिल को रोकने की कोशिश की है, जो देश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब महिलाएं चुनाव में देंगी।

इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के “गुंडों” को चेतावनी देते हुए कहा कि वे 29 तारीख तक थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा भाजपा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
वहीं तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में हार की आशंका से इस तरह के बयान दे रही है और जनता सब देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणियां राजनीतिक तनाव बढ़ाने का प्रयास हैं।

Exit mobile version